हिसार। रोडवेज डिपो हिसार की वर्कशॉप में कर्मचारियों के लिए बनाए जा रहे डग के निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं की जांच स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शुरू कर दी है। वीरवार को विजिलेंस की कंस्ट्रक्शन विंग ने मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री की जांच की जिसमें निर्माण कार्य में पुरानी ईंटों का इस्तेमाल पाया गया। मामले की रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर तैयार कर एडीजीपी स्टेट विजिलेंस, चंडीगढ़ को भेजी जाएगी।
स्टेट विजिलेंस हिसार के कंस्ट्रक्शन विंग इंचार्ज समुद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने करीब तीन घंटे तक निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल, सांझा मोर्चा रोडवेज कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों तथा संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की गई। साथ ही निर्माण कार्य कर रही जेबीएम कंपनी के संबंध में भी जानकारी जुटाई गई।
रोडवेज वर्कशॉप में कर्मचारियों के लिए पांच कमरों का डग बनाया जाना है। करीब तीन माह पहले इसका ठेका एक निजी कंपनी को दिया गया था। निर्माण कार्य में पुरानी ईंटों और निम्नस्तरीय सामग्री के उपयोग के आरोप लगाते हुए सांझा मोर्चा रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने 2 जून को स्टेट विजिलेंस से शिकायत कर जांच की मांग की थी। शिकायत के आधार पर डीएसपी अमित बेनीवाल ने मामले की जांच कंस्ट्रक्शन विंग को सौंपी थी।
जांच में पुरानी ईंटें और निम्नस्तरीय सामग्री मिलने का दावा
जांच के दौरान विजिलेंस टीम ने निर्माण स्थल पर नींव की भराई में पुरानी ईंटें लगी होने की बात दर्ज की। इसके अलावा मौके पर मौजूद रेत और क्रशर सामग्री की भी जांच की गई। टीम ने पूरे स्थल की वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान रोडवेज डिपो के अधिकारियों में भी हलचल बनी रही।
मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में अनियमितताएं सामने आई हैं। रिपोर्ट तैयार की जा रही है जिसे एक सप्ताह के भीतर एडीजीपी को भेज दिया जाएगा।
- समुद्र सिंह, इंचार्ज, कंस्ट्रक्शन विंग, स्टेट विजिलेंस हिसार।
इस मामले की जांच कंस्ट्रक्शन विंग को सौंपी गई है। जांच में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी है।
- अमित बेनीवाल, डीएसपी, स्टेट विजिलेंस एवं एसीबी, हिसार।