हांसी। हांसी के विधायक विनोद भयाना ने कहा राज्य सरकार द्वारा हांसी विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। इस राशि से 22 सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। विनोद भयाना यह जानकारी अपने निवास स्थान पर हलके के लोगों से बातचीत करते हुए दी। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 15 सड़कों के निर्माण को लेकर टेंडर आमंत्रित किए जा चुके हैं। टेंडर अलॉटमेंट की प्रक्रिया पूर्ण होते ही सड़कों का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इनके अलावा शेष बची 7 सड़कों के निर्माण को लेकर भी जल्द आगामी कार्रवाई शुरू होगी। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बनने से हलके का सड़क तंत्र मजबूत होगा और लोगों की आवाजाही और सुगम व सुरक्षित होगी।
फिलहाल इन 15 सड़कों पर जल्द होगा निर्माण कार्य शुरू
विधायक ने बताया कि हांसी-पेटवाड़ रोड से कुंभा गांव जाने वाला लिंक रोड, कुंभा गांव में पूर्व से पश्चिम वाला रोड, हांसी से पेटवाड़ रोड से कुंभा खेड़ा लिंक रोड, हांसी- जींद सड़क से शेखपुरा गांव तक का रोड, बीड़ हांसी से सिसाय रोड, गांव ढाणी शोभा से ढाणी केंदू तक का रोड, मेहंदा गांव से ढाणी मेहंदा का रोड, कंवारी गांव में पंचायत घर तक जाने वाली सड़क, हांसी से महजद, डाटा, ढाणी बुखारी तक की सड़क, तोशाम रोड से धमाणा का रोड, उमरा से रतेरा गांव की सड़क, सिंधड़ गांव से घिराय, डीएचएस रोड से अनीपुरा गांव तक, देप्पल से ढंढेरी व रामायण गांव तक की सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। 15 सड़कों के निर्माण कार्य पर 10 करोड़ 11 लाख रुपये की धनराशि खर्च आएगी।
इन सड़कों के निर्माण को लेकर भी जल्द होगी कार्रवाई शुरू
विधायक ने बताया कि हिसार चुंगी से तिकोना पार्क सड़क, काली देवी मंदिर से जींद चौक सड़क से हांसी के श्मशान घाट तक, भाटला लिंक सड़क, सोरखी से कुंगड़ गांव तक, घिराय से खरखड़ी गांव तक, हांसी सिसाय पुल से लालपुरा गांव तक, कुंभा गांव में पंचायत घर तक सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। इन सड़कों के निर्माण के लिए सरकार से प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही सड़कों के निर्माण को लेकर आगामी कार्रवाई शुरू करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इन सात सड़कों के निर्माण कार्य पर लगभग 14 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।