आदमपुर में देसी घी बनाने की एक फैक्टरी में सैंपल भरने आए फूड सेफ्टी अधिकारी के साथ आए कर्मियों से फैक्टरी मालिकों ने बदसलूकी की। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया और फोन कब्जे में ले लिए।
मामले की सूचना के बाद आदमपुर पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मियाें को छुड़ाकर उनके फोन बरामद किए। फूड सेफ्टी अधिकारी जितेंद्र यादव शुक्रवार देर शाम को दो सहायकों के साथ खैरमपुर रोड स्थित एक फैक्टरी में छापा मारने पहुंचे। इस दौरान फैक्टरी मालिकों ने अधिकारियों के साथ बदसलूकी करते हुए उन्हें बंधक बना लिया।
जितेंद्र यादव ने मौका पाकर आदमपुर थाने पहुंचकर पुलिस को सूचित किया। बाद में एसआई धर्मपाल दलबल सहित मौके पर पहुंचे और दोनों कर्मियाें को छुड़वाया।
एसआई धर्मपाल ने अधिकारी को छापा मारने से पहले पुलिस सहायता लेने की बात कहते हुए फटकार भी लगाई। पुलिस बंधक बनाने के आरोपी फैक्टरी मालिक रमेश पोलर व अन्य को थाने ले आई।
वहीं, फैक्टरी के मालिक रमेश उर्फ पोलर ने बताया कि अधिकारी सादी वर्दी मेें होने पर उन्हें पता ही नहीं चल पाया। जितेंद्र यादव ने बताया कि उन्होंने फैक्टरी से पंजाब की शान का मार्का लगे देशी घी के दो सैंपल भरे हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा।
वहीं, रात 9 बजे जितेंद्र यादव ने हाई स्कूल रोड स्थित आइस फैक्टरी में छापामारी की। फैक्टरी का मालिक बीकानेर निवासी लीलाधर मौके से गायब मिला।