हांसी में शुरू श्रीश्याम महोत्सव में मौजूद श्रद्धालुु।
हांसी। बड़सी गेट के नजदीक स्थित श्री श्याम मंदिर में रविवार सुबह 651 अखंड ज्योत प्रज्वलित कर श्री श्याम मंदिर के 53 वें श्याम महोत्सव का शुभारंभ किया गया। श्री श्याम मित्र मंडल के प्रधान जगदीश मित्तल ने बताया कि श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट व श्री श्याम मित्र मंडल की तरफ से श्याम महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 26 मई को श्याम के नाम की मेहंदी, 27 मई को सुबह भव्य कलश यात्रा व 28 मई को निशान यात्रा निकाली जाएगी। 29 मई को शहर में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा निकलेगी। यात्रा में इस्कान बहादुरगढ़, रोहतक और हिसार के भक्त हरिनाम नगर संकीर्तन करेंगे। 30 मई को श्री श्याम रथ सवारी निकलेगी।
अखंड ज्योत प्रज्वलित कार्यक्रम की अध्यक्षता अजय कंबीरी और कमल कंबीरी (गंगू हलवाई) ने की। रथ सवारी के दौरान मंदिर प्रांगण से तोरणद्वार तक भव्य इलेक्ट्रिक आतिशबाजी की जाएगी और 31 मई को पीसीएसडी स्कूल के प्रांगण में विशाल श्री श्याम जागरण का आयोजन किया जाएगा। जागरण में चंडीगढ़ से कन्हैया मित्तल, कलकत्ता से सौरभशर्मा, जयपुर से आयुष सोमानी व फतेहाबाद से परविंदर पलक और नरेश म्यूजिकल ग्रुप बाबा का गुणगान करेंगे। 1 जून को एक शाम सांवरे के नाम में साध्वी पूर्णिमा श्याम भक्तों को अपने गीतों से सराबोर करेंगी। इस मौके पर अग्रोहा विकास ट्रस्ट के प्रधान विनय जैन, भागवत स्वरूप सिंगल, महेंद्र गर्ग, गौरव जैन, लक्ष्मी कांत गर्ग, पप्पू खरड़िया, मोहित मित्तल, सुनील मित्तल, अनिल गोयल, प्रवक्ता राघव गोयल आदि मौजूद रही।
विदेशों से मंगवाए फूलों से होगा बाबा का शृंगार
मंडल के प्रधान जगदीश मित्तल ने बताया कि श्याम महोत्सव को लेकर पूरे शहर को इलेक्ट्रिक लाइटों व अन्य तरीकों से सजाया गया है । उन्होंने बताया कि श्याम महोत्सव के दौरान कलकत्ता तथा विदेशों से मंगवाए गए फूलों से रोजाना श्याम बाबा का भव्य शृंगार किया जाएगा।