हिसार। विनोद पानू उर्फ काणा ने जिस अदालत परिसर में 11 साल पहले अपने गुर्गाें से हत्या कराई थी उसी कोर्ट परिसर में उसकी मौत की कहानी लिखी गई। अदालत के मुख्य गेट के सामने गोली मारकर हत्या के बाद काणा और अजीत थुराना उर्फ सोनू के बीच चली आ रही पुरानी गैंगवार फिर चर्चा में है। दोनों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की जंग चल रही थी। वर्ष 2015 में अजीत की गिरफ्तारी के समय पुलिस ने पूछताछ के आधार पर बताया था कि दोनों गुट एक-दूसरे के साथियों को निशाना बनाते रहे हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 14 मई 2015 को संदीप उर्फ बच्ची को पुलिस हिसार कोर्ट में पेश करने के लिए लेकर पहुंची थी। कोर्ट परिसर में पहले से घात लगाए बैठे बालसमंद निवासी साजिद खान ने संदीप पर गोलियां चला दीं। पुलिस ने साजिद को मौके पर ही पकड़ लिया था। पूछताछ में साजिद ने बताया था कि उसने संदीप की हत्या विनोद पानू उर्फ काणा के इशारे पर की थी। अदालत ने साजिद को उम्रकैद और 30 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। हांसी में शराब ठेकेदार राधे गुर्जर की हत्या से पहले संदीप उर्फ बच्ची पर हत्या के दो मामले दर्ज थे। छह मई को गांव छोटा लिजवाना में शराब के रुपये कम लेने को लेकर उसका सेल्समैन आजाद सिंह से विवाद हुआ था। सेल्समैन ने बच्ची पर हाथ उठा दिया जिसके बाद उसने गोली मार दी थी। इसके बाद उसने विधायक सरोज मोर के गनमैन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इन घटनाओं के बाद राधे गुर्जर हत्याकांड में भी बच्ची का नाम सामने आया था।
-
टीवी सीरियल में एसिपोड भी बना था...
दोनों गिरोहों के बीच वर्ष 2011 में ड्राइंग टीचर शिवकुमार उर्फ राजा मास्टर की हत्या के बाद गैंगवार तेज हुई थी। इस मामले में विनोद पानू गिरफ्तार हुआ था लेकिन गवाहों के मुकरने के बाद छूट गया। राजा मास्टर हत्याकांड की गूंज मुंबई तक पहुंची थी। एक निर्देशक ने इस घटना पर टीवी एपिसोड बनाया था जिसमें हिसार निवासी एक अभिनेता ने मुख्य किरदार निभाया था।
पकड़े गए हमलावर का है आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़े गए हमलावर राकेश का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर अवैध हथियार रखने के मामले दर्ज हैं। वह जेल भी जा चुका है।