हिसार। साउथ बाईपास पर गांव सातरोड के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को सितंबर महीने में शुरू करने की तैयारी है। सितंबर महीने के आखिरी सप्ताह में इसे दो पहिया वाहनों के लिए खोला जा सकता है। अक्तूबर माह में इसे पूरी तरह से चालू किया जा सकता है। फिलहाल आरओबी के स्लैब का काम पूरा हो चुका है। अब रेलवे के हिस्से में दोनों ओर की दीवारों का काम होना है।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बताया कि 17 अगस्त को आरओबी की आखिरी स्लैब पर कंक्रीट डाली गई थी। इस स्लैब को कम से कम 21 दिन के लिए सूखने को लेकर छोड़ा हुआ है। स्लैब डालने के सातवें दिन इसकी मजबूती की जांच की गई थी तो सही मिली। अब 14वें व 21वें दिन इसकी मजबूती की जांच की जाएगी। स्लैब 21 दिन की अवधि में पूरी मजबूती पकड़ लेगी। इसके बाद सड़क निर्माण करा दिया जाएगा। 15 सितंबर तक आरओबी का काम पूरा हो जाएगा। सड़क निर्माण से पहले छोटे वाहनों को स्लैब पर चलने के लिए अनुमति दी जा सकती है।
15 से 20 सितंबर के बाद मानसून विदा होने के बाद तारकोल की सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा। इस आरओबी के निर्माण पर 31.10 करोड़ रुपये लागत आई है। 658 मीटर लंबे इस आरओबी की चौड़ाई 11 मीटर है। आरओबी पर साइड में दोनों तरफ तीन-तीन मीटर की सर्विस रोड भी बनाई गई है। आरओबी का काम पूरा होने के बाद नीचे बनी फाटक को पूरी तरह से बंद किया जाएगा।