हिसार। डाबड़ा माइनर पर कैमरी रोड से राजगढ़ रोड तक सड़क बनाने के लिए भेजे गए 7.5 करोड़ रुपये के एस्टीमेट को मंजूरी मिल गई है। हालांकि अभी इस हिस्से पर कब्जों को हटाया जाना बाकी है। पेड़ों की कटाई भी की जानी है, जिसकी अभी वन विभाग से मंजूरी नहीं मिली है।
डाबड़ा माइनर पर तोशाम रोड से राजगढ़ रोड तक सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। तोशाम रोड से कैमरी रोड तक के हिस्से की लंबाई करीब 2700 मीटर है। इस हिस्से पर सड़क निर्माण के साथ-साथ रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण भी किया जाएगा जिस पर करीब 70 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह एस्टीमेट भी मंजूरी के लिए सरकार के पास भेजा हुआ है। वहीं, कैमरी रोड से राजगढ़ रोड वाला हिस्सा 740 मीटर लंबा है। इस पर सड़क निर्माण में 7.5 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है। डाबड़ा माइनर पर बनने वाली सड़क की चौड़ाई 10 मीटर होगी।
अभी सड़क निर्माण में ये अड़चनें बाकी
पेड़ : तोशाम रोड से राजगढ़ रोड तक माइनर की जमीन पर करीब 450 पेड़ हैं। इन पड़ों को काटना पड़ेगा। इसके लिए बीएंडआर ने वन विभाग से मंजूरी मांगी हुई है। वन विभाग मंजूरी तभी देगा, जब इन पेड़ों को काटने की एवज में नए पेड़ लगाने के लिए जमीन उपलब्ध करवा दी जाएगी। हालांकि बीएंडआर ने गांव तेलनवाली में पंचायत की जमीन चिह्नित की है।
कब्जे : माइनर की जमीन पर सर्वे में करीब 129 जगह कब्जे मिले थे। हालांकि सिंचाई विभाग का कहना है कि तोशाम रोड से कैमरी रोड वाला हिस्सा कब्जा मुक्त कर दिया गया है लेकिन कैमरी रोड से राजगढ़ रोड वाले हिस्से पर कब्जे अभी तक नहीं हटाए गए हैं। कब्जाधारी इस मामले के लिए कोर्ट में गए हुए हैं।
दिल्ली रोड का विकल्प बनेगी
यह रोड दिल्ली रोड के विकल्प के तौर पर बनाया जाना प्रस्तावित है। वर्तमान में दिल्ली रोड पर वाहनों का काफी बोझ है। इससे रोड के बनने से जाम से काफी हद तक छुटकारा मिलेगा। सेक्टर 9-11, मॉडल टाउन, सेक्टर 13, 16-17, पीएलए, जवाहर नगर, हाउसिंग बोर्ड और डिफेंस कॉलोनी के लोगों को भी फायदा होगा।
नेशनल हाईवे पर सर्विस रोड के लिए पेड़ों की कटाई का काम पूरा
नेशनल हाईवे 9 पर सर्विस रोड के लिए पेड़ों की कटाई का काम पूरा हो गया है। अब एजेंसी की तरफ से सड़क निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। यहां राजकीय बहुतकनीकी संस्थान व राजकीय महिला महाविद्यालय के सामने करीब 1-1 किलोमीटर लंबी सर्विस लेन बनाई जाएगी।
-
कैमरी रोड से राजगढ़ रोड वाले हिस्से के लिए भेजे गए संशोधित एस्टीमेट को मंजूरी मिल गई है। अभी पेडों की कटाई की अनुमति नहीं मिली है। रोड के लिए चिह्नित जमीन के हिस्से से कब्जे भी नहीं हटाए गए हैं।
जतिन खुराना, एक्सईएन, बीएंडआर