संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पुलिस अधीक्षक उदय सिंह मीना के निर्देश पर एसआईटी ने करोड़ों रुपये के जीएसटी-वैट घोटाले में नामजद आरोपियों को शरण देने के मामले में उनके एक रिश्तेदार को गिरफ्तार किया है।
एसआईटी टीम के प्रभारी डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान कपिल निवासी अनाज मंडी ऐलनाबाद के रूप में हुई है। करोड़ों रुपये के जीएसटी-वैट घोटाले में आबकारी विभाग के ईटीओ चाप सिंह की शिकायत पर पदम बंसल तथा उसके पुत्र अमित कुमार के खिलाफ 20 अक्तूबर 2020 को केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। उन्होंने बताया कि इस घटना के एक आरोपी अमित कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर चुकी है, जो फिलहाल जेल में है। आरोपी पदम बंसल अभी तक फरार है। उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है। वहीं, आरोपियों को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार कपिल को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।