हिसार। नगर निगम कार्यालय में पहुंचे एक व्यक्ति ने निगमायुक्त से बदसलूकी की। यही नहीं उक्त व्यक्ति ने अपनी गाड़ी निगमायुक्त की गाड़ी के आगे अड़ा दी। इस पर निगमायुक्त को मौके पर ट्रैफिक पुलिस को बुलाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एक व्यक्ति नगर निगम कार्यालय में निगमायुक्त प्रदीप दहिया से मिलने पहुंचा। उसने निगमायुक्त कार्यालय के चपरासी को निगमायुक्त से मिलवाने को कहा। इस पर चपरासी ने उक्त व्यक्ति से कहा कि साहब व्यस्त है। आप उनके पीए से मुलाकात कर लिजिए। मगर उक्त व्यक्ति निगमायुक्त से मिलने की बात पर अड़ा रहा।
इस पर चपरासी ने उक्त व्यक्ति से विजिटिंग कार्ड मांगा तो उसने दे दिया। जैसे ही उक्त व्यक्ति निगमायुक्त कार्यालय के अंदर गया तो वह उनसे बदसलूकी से बात करने लगा। यह देखकर निगमायुक्त ने उसे कार्यालय से बाहर जाने को कह दिया। इसके बाद उक्त व्यक्ति बाहर पार्किंग एरिया में आ गया और उसने अपनी गाड़ी वहां खड़ी निगमायुक्त की गाड़ी के आगे अड़ा दी। काफी देर बाद भी उसने अपनी गाड़ी नहीं हटाई तो निगमायुक्त ने ट्रैफिक पुलिस को बुला लिया। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे और उक्त व्यक्ति की गाड़ी वहां से हटवाई।