हांसी। हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग की तरफ से सत्र 2026-27 के लिए राजकीय एवं निजी आईटीआई संस्थानों में दाखिला प्रक्रिया जून माह के प्रथम सप्ताह से शुरू होगी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में जून के प्रथम सप्ताह में दाखिला प्रकिया सत्र 2026-2027 व सत्र 2026-2028 शुरू होनी संभावित है। संस्थान में कुल 18 व्यवसायों की 41 यूनिट है। इसके अलावा राजकीय महिला आईटीआई में कुल 5 व्यवसायों की कुल 8 यूनिट हैं। यूनिट में इच्छुक छात्राएं दाखिला ले सकती है।
यह दस्तावेज चाहिए होंगे दाखिले के लिए
आईटीआई में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक दस्तावेजों की सूची भी जारी की गई है। इसमें 10वीं एवं 12वीं की मार्कशीट (यदि लागू हो), चरित्र प्रमाण-पत्र (6 माह से अधिक पुराना न हो), आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, सक्रिय ई-मेल आईडी, परिवार पहचान पत्र, जाति प्रमाण-पत्र (सामान्य वर्ग को छोड़कर), वर्ष 2026 का आय प्रमाण-पत्र व बैंक खाता शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रवृत्ति के लिए बैंक खाता होना अनिवार्य रहेगा।
वर्जन....
आवेदन करते समय दस्तावेजों में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। जिले में हांसी, महिला हांसी, प्याऊ माजरा, भकलाना व राखी शाहपुर स्थित 5 राजकीय संस्थानों में विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे।- भूप सिंह, प्राचार्य, राजकीय आईटीआई।
ऑनलाइन होंगे दाखिले
विभाग की आधिकारिक वेबसाइट itiharyana.gov.in पर जून के पहले सप्ताह में ऑनलाइन आवेदन लिंक सक्रिय किया जाएगा। अभ्यर्थी लिंक खुलने के बाद स्वयं आवेदन कर सकेंगे। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए संस्थान स्तर पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं।