हांसी। शहर में अनाज मंडी पास स्थित जलघर में पानी खत्म हो गया है। वहीं नहर में अब पानी मंगलवार के बजाय बुधवार दोपहर तक आएगा। ऐसे में पुराने जलघर से जुड़े क्षेत्रों में दो दिन तक पेयजल सप्लाई नहीं दी जाएगी। वहीं नए जलघर से अभी एक दिन पानी की सप्लाई दी जा सकेगी।
नहर में पानी आने के समय में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। पहले नहर में पानी पहले 7 मई को आना था, उसके बाद समय बढ़ाकर 10 मई किया गया। फिर बताया गया कि नहर में पानी मंगलवार को आएगा। लेकिन अब बुधवार को नहर में पानी आएगा। नहर में पानी आने के साथ ही जलघर के वाटर टैंकों को भरा जाएगा।
वीरवार से पेयजल सप्लाई नियमित हो सकेगी। तब तक लोगों को पेयजल किल्लत झेलनी पड़ेगी। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि नए जलघर में पानी अभी कुछ बचा है। इससे पेयजल सप्लाई एक दिन दी जा सकेगी। लेकिन नहर में पानी आने में देरी हुई तो नए जलघर से भी पानी समाप्त हो जाएगा।
यह क्षेत्र होंगे दो दिन प्रभावित
पुराने जलघर से जुड़े क्षेत्र जैसे लाल सड़क, बड़सी गेट क्षेत्र, राजकीय महाविद्यालय क्षेत्र, मुल्तान कॉलोनी, जगदीश कॉलोनी, मॉडल टाउन, बस स्टैंड क्षेत्र, उत्तम नगर क्षेत्र, सदर बाजार, पुराना बस स्टैंड, भगत सिंह रोड, तिकोना पार्क, काठ मंडी, जवाहर नगर, एचएसवीपी के सेक्टर, शांति निकेतन, अमर मार्केट, न्यू सुभाष नगर, काली देवी चौक एरिया, कृष्णा कॉलोनी, जगदीश कॉलोनी, मुलतान कॉलोनी, यति नगर, सदर बाजार, पुराना बस स्टैंड व गवर्नमेंट कॉलेज रोड सहित शहर के कई क्षेत्र प्रभावित होंगे। शहर के दो जलघर हैं। खरड़ रोड स्थित नए व अनाज मंडी के समीप स्थित पुराना जलघर। शहर का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा पुराने जलघर पर निर्भर है।
नहर में पानी अब बुधवार तक आएगा। पहले मंगलवार को पानी आना था। यह कार्य सिंचाई विभाग के अधीन आता है। लोगों से अपील है कि पानी व्यर्थ न बहाएं।- संजीव त्यागी, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग।