हिसार। बजट में 10 जिलों में पुराने औद्योगिक क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें हिसार का नाम भी शामिल है। यानी हर जिले के खजाने में 50 करोड़ रुपये आने से पुराने औद्योगिक क्षेत्रों में विकास को गति मिलेगी। बावजूद इसके बजट को लेकर उद्योगपतियों के सुर में सुर नहीं मिले।
हिसार में पुराने औद्योगिक क्षेत्र में काफी समस्याएं हैं। सड़कें टूटी हैं। सीवर का पानी सड़कों पर भरा रहता है। बारिश में तो हालात और बुरे हो जाते हैं। कुछ उद्योगपतियों ने बजट को उद्योगों के लिहाज से बेहतर बताया तो कुछ ने अधूरा बजट करार दिया है। उद्योगपतियों ने प्लग एंड प्ले की घोषणा को अच्छा बताया तो कइयों ने कहा कि इस योजना को सिरे चढ़ाना संभव नहीं है। लैंड ऑन लीज नीति पर भी उद्योगपतियों ने अलग-अलग राय दी।
ए, बी, सी, डी ब्लॉक लोकेशन वर्गीकरण समाप्त करने से अब सभी ब्लॉक में बराबर निवेश होगा जिससे उद्योगों को फायदा होगा। लैंड ऑन लीज नीति लागू होने से उद्योगपतियों को उद्योग स्थापित करने के लिए सस्ती जमीन उपलब्ध होगी। स्मॉल ट्रेडर्स एंड एमएसएमई इंश्योरेंस स्कीम शुरू होने से उद्याेगपतियों को होने वाली नुकसान की भरपाई हो सकेगी। प्लग एंड प्ले क्लस्टर से भी नए उद्योग स्थापित करने में मदद मिलेगी। - मदन लाल, प्रधान, स्मॉल स्केल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन
उद्योगों के लिहाज से बजट ठीक है लेकिन कई घोषणाओं पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। सभी घोषणाओं को धरातल पर ठीक ढंग से लागू किया जाता है तो उद्योगों को फायदा होगा। बिजली फिक्सड चार्ज घटाने का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। इसके बजाय प्रति यूनिट बिजली सस्ती की जानी चाहिए थी। हिसार एयरपोर्ट के संबंध में विशेष घोषणा नहीं की गई जिस पर सभी उद्योगपतियों की नजर थी।- नितिन गोयल, संस्थापक, ग्रेटर हिसार चैंबर ऑफ कॉमर्स