हिसार। प्रदेश सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद रजिस्ट्री में गड़बड़ी रुकने का नाम नहीं ले रही है। जमीन के लालच ने भतीजों ने करीब 890 किमी दूर गुजरात में बैठी अपनी के स्थान पर फर्जी महिला को पेश कर और दूसरी बुआ को मृत दिखाकर रजिस्ट्री कराई। इस मामले में महिला ने गांव बहबलपुर के नंबरदार और तत्कालीन तहसीलदार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में शिकायत दी है। पुलिस ने भी मामले में तत्परता दर्शाते हुए कागजात में महिला के अंगूठों के निशान के आधार पर उसकी पहचान कर ली है।
पुलिस ने फर्जी तौर पर रजिस्ट्री में खड़ी महिला से पूछताछ के आधार पर हिसार तहसील में वर्ष 2012-13 में हुई इस रजिस्ट्री का पूर्ण रिकॉर्ड तलब किया है। वीरवार को पीड़िता बहबलपुर की बेटी और तलवंडी राणा की बहू 72 वर्षीय धन्नो ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि जिस समय हिसार में रजिस्ट्री हुई तो वह गुजरात में थी। कुछ समय पहले जब में गुजरात से वापस आई तो उसे पता चला कि उसके भतीजों ने उसके स्थान पर गांव बहबलपुर निवासी महिला जमना पत्नी नरसी को खड़ी करके व उसके अंगूठे लगवा कर उसकी व उसकी बड़ी बहन की जमीन हड़प ली।
महिला के अनुसार धोखाधड़ी में गांव बहबलपुर निवासी जगमाल नंबरदार जाति कुम्हार एवं उसका एक ओर सहयोगी गवाह, तत्कालीन तहसीलदार व मेरे भतीजे सोनू, रामगोपाल व सतीश पुत्रान श्योलाल (शोलाल), महिला जमना देवी पत्नी नरसी शामिल हैं। बड़ी बात यह है कि 54 कनाल 12 मरले की इस रजिस्ट्री में जहां इस धन्नो के स्थान पर दूसरी महिला को दर्शाया गया है, वहीं दूसरी बहन को मृत बेऔलादी दर्शा कर उसे जमीनी हक से बेदखल दिखलाया गया, जबकि वास्तव में उसका भरा पूरा परिवार है। पीड़िता ने बताया कि एसपी बलवान सिंह राणा ने संबंधित अधिकारी को तुरंत जांच के आदेश दिए हैं।