हिसार। पुष्पा कॉम्पलेक्श में लूट की वारदात के बाद पहुंची अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी सरोज।
- फोटो : Hisar
हिसार। पुष्पा कांप्लेक्स स्थित जगदंबा मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान पर दोपहर करीब डेढ़ बजे तीन बदमाश घुस आए। एक बदमाश ने दुकानदार पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद दुकानदार पटेल नगर निवासी रजत ने करीब 10 सेकेंड तक बदमाश का मुकाबला किया। इसके बाद दूसरा आरोपी आया और गले से साढ़े तीन तोले की सोने की चेन झपट ले गए। इसके बाद आरोपी कार में सवार होकर जिंदल चौक की तरफ फरार हो गए। घटना से रोषित दुकानदारों ने कुछ समय के लिए दुकानें बंद कर दी। वहीं घटना का पता चलने पर अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सरोज और इंचार्ज सिकंदर टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कांप्लेक्स में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में बदमाशों का चेहरा कैद हो गया है।
पुलिस के अनुसार पटेल नगर निवासी रजत ने बताया कि वारदात के समय दो ग्राहक और उसका साथी इशांत मौजूद थे। आरोपियों ने मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। लूट के लिए जब बदमाश ने दुकानदार पर पिस्तौल तानी तो रजत ने हिम्मत दिखाकर 10 सेकेंड तक बदमाश की पिस्तौल पकड़े रखी लेकिन, साथ में खड़े युवकों ने मदद नहीं की। अगर, युवक हिम्मत दिखाते तो आरोपियों को पकड़ा जा सकता था।
वारदात के बाद दुकानदारों ने बंद की दुकानें
दुकानदार रजत के साथ लूटपाट की घटना का जैसे ही अन्य दुकानदारों को पता चला तो उन्होंने रोष स्वरूप अपनी अपनी दुकानें बंद कर दी। दुकानदारों का कहना था कि आए दिन वारदात बढ़ रही हैं। जब तक दुकानदार एक नहीं होंगे, पुलिस कार्रवाई नहीं करेगी। हालांकि दस मिनट के बाद दुकानदारों ने दुकानें खोल दी। पुष्पा कांप्लेक्स में मोबाइल शॉप चलाने वाले सुदर्शन और दुकानदार संजय ने बताया कि दिनदहाड़े बदमाश पिस्तौल दिखाकर दुकानदार से सोने की चेन छीन कर ले गए। इससे अन्य दुकानदार भी खुद असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पुलिस को एरिया में गश्त बढ़ानी चाहिए।
आरोपियों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। जल्द लूटपाट करने वाले आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। दिल्ली मार्ग पर लगे कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। - सरोज, अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी