अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सामान को ट्राॅली में डालती नपा सिवानी की टीम।
सिवानी मंडी। नगर पालिका (नपा) प्रशासन ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नगर के मुख्य बाजार में हुए अवैध निर्माण को तोड़कर जेसीबी चलवाई गई और बाजार में पड़े सामान को अपनी ट्राॅलियों में भर कर नपा कार्यालय पहुंचाया गया। इससे नाराज व्यापारियों ने भेदभाव का आरोप लगाया। दुकानदारों ने कहा कि जलभराव से बचाव के लिए बनाए गए ऊंचे ब्लॉक को तोड़ना गलत है। पालिका प्रशासन को कार्रवाई में समानता रखनी चाहिए।
नपा प्रशासन की टीम मंगलवार को शहर के टैक्सी स्टैंड के पास स्थित मुख्य बाजार की दुकानों के सामने पहुंची और उन्होंने वहां पर दुकानदारों की ओर से अपनी दुकानों के बाहर लगाए गए ब्लॉकों से उठाई गई सड़क उखाड़ दी। इस दौरान टीम ने दुकानों के बाहर रखे सामान को भी अपनी ट्राॅलियों में भरकर नपा कार्यालय परिसर में पहुंचा दिया।
नपा टीम की अगुवाई कर रहे पटवारी संदीप कुमार ने बताया कि इससे पहले इन दुकानदारों को नोटिस दिया गया था। इसका कोई जवाब देना तो दूर आरोपियों ने नपा कार्यालय आकर जानकारी लेना भी उचित नहीं समझा। इस कारण यह कार्रवाई की गई है और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।