समाधान शिविर में शिकायतें सुनते डीसी राहुल नरवाल।
हांसी। जिला सचिवालय परिसर में वीरवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। समाधान शिविर के दौरान नागरिकों ने 18 शिकायतें रखीं। शिविर में अग्रसेन कॉलोनी में काठ मंडी के पीछे वाली गली में सीवर लाइन लीकेज की शिकायत रखी। डीसी ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को तुरंत मौके का मुआयना कर समस्या का शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में दिव्यांग पेंशन बनवाने, परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में आय दुरुस्त करवाने, राशन कार्ड बनवाने, बिजली बिल को ठीक करवाने सहित अन्य मुद्दे रखे। दिव्यांग पेंशन से संबंधित आवेदन पर डीसी राहुल नरवाल ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन से जुड़े सभी आवेदनों की शीघ्र जांच कर पात्र व्यक्तियों की पेंशन बिना किसी देरी के बनवाना सुनिश्चित करें।
डीसी ने अधिकारियों को कहा कि समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित निपटारे का प्रभावी माध्यम हैं, इसलिए अधिकारी संवेदनशीलता के साथ प्रत्येक शिकायत पर कार्रवाई करें। इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ, तहसीलदार डॉ. अनिल कुमार बिढान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।