नारनौंद। नारनौंद हलके के विधायक जस्सी पेटवाड़ ने बुधवार को विधानसभा में खेल स्टेडियम निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने खेल मंत्री गौरव गौतम से नारनौंद में स्टेडियम के निर्माण को लेकर सवाल किया, जिस पर मंत्री के जवाब को विधायक ने नकारात्मक और निराशाजनक बताया।
विधायक ने कहा कि सरकार एक ओर युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें खेलों के प्रति प्रेरित करने की बात करती है, लेकिन नारनौंद जैसे कस्बे में अब तक खेल स्टेडियम का निर्माण नहीं हुआ। यह स्थिति क्षेत्र के युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि खेल मंत्री भूमि अधिग्रहण के नाम पर बहाने बना रहे हैं, जबकि नारनौंद में स्कूल की खाली पड़ी भूमि का उपयोग कर स्टेडियम का निर्माण किया जा सकता है।
संसाधनों की कमी से आगे नहीं बढ़ रहीं प्रतिभाएं :
पेटवाड़ ने कहा कि नारनौंद में करीब 30,000 की आबादी है और यहां के युवाओं में खेल प्रतिभा है, लेकिन संसाधनों और उचित मैदान की कमी के कारण वे आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मुद्दे को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए ताकि युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।