हिसार। तलवंडी बादशाहपुर निवासी व पेशे से राजमिस्त्री अनिल की डंपर से कुचल कर हत्या करने के मामले की जांच अब फतेहाबाद पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस प्रवक्त मदनलाल ने बताया कि आईजी कुलदीप सिंह की तरफ से जारी किए आदेशानुसार फतेहाबाद के एसपी यह केस आजाद नगर पुलिस थाने से लेकर जांच अपने किसी गजेटेड ऑफिसर से करवाएंगे।
अनिल के परिजनों के अनुसार अनिल ने तलवंडी बादशाहपुर निवासी रणजीत, सोमवीर के घर काम किया था। इन लोगों पर उसकी मजदूरी बकाया था। वह इन लोगों से अपना मेहनताना मांग रहा था। 25 अप्रैल की रात अनिल बाइक से सिवानी से घर आ रहा था। गांव के पास पहुंचने पर पास से गुजर रहे डंपर से मिट्टी उस पर गिर गई। जब अनिल ने डंपर चालक को टोका तो चालक ने सोमबीर कर्ण सिंह व रणजीत को वहां बुला लिया। इन लोगों ने अनिल के साथ मारपीट की और फिर उसे डंपर के नीचे फेंक किया और चालक को डंपर चलाने का इशारा किया।
चालक ने डंपर को आगे-पीछे किया जिस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार पुलिस ने इस मामले में पहले हत्या व एससी-एसटी एक्ट की धाराएं लगाई थी लेकिन बाद में हत्या की धाराएं हटा ली गईं। इस मामले में संगठनों के लोग पुलिस अधीक्षक से भी मिले थे और उन्होंने जांच अधिकारी को बदलने की मांग की थी। इस मामले को लेकर परिजनों ने लघु सचिवालय का घेराव किया था और अब उसके परिजन लघु सचिवालय के बाहर कई दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं।