प्रेसवार्ता करते सांसद धर्मबीर सिंह।
भिवानी। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद धर्मबीर सिंह ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान को आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब दिया है। दुनिया भर के सभी देशों ने भारतीय सेना के पराक्रम का लोहा माना है। ऐसे में भारतीय सेना का जितना सम्मान और प्रशंसा की जाए, उतनी कम है। भारतीय सेना के सम्मान में देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं, जिनका मकसद सेना के शौर्य और पराक्रम की गाथा को जन-जन तक पहुंचाना है।
लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह बुधवार को स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज भारत सहित दुनिया के लगभग सभी देश चाहते हैं कि विश्व से आतंकवाद का सफाया हो। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकी घटना के बाद पूरा देश चिंतित था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी सूझबूझ से तीनों सेनाओं के प्रमुखों को आतंकवाद का करारा जवाब देने के लिए खुली छूट दी। परिणाम स्वरूप हमारी सेना ने सिंदूर ऑपरेशन के माध्यम से पाकिस्तान के अंदर जाकर नौ आतंकवादी ठिकानों को ध्वस्त किया, ये आतंकवादियों के ट्रेनिंग सेंटर थे।
उन्होंने कहा कि आज दुनिया के देशों ने यह मान लिया है कि भारतीय सेना बहुत ही ताकतवर और संगठित हैं। सुरक्षा की दृष्टि से हमारे पास नवीनतम तकनीक है। परिणाम स्वरूप पाकिस्तान द्वारा छोड़े गए ड्रोन को हमारी सेना ने जवाबी कार्रवाई से हवा में ही नष्ट किया और इससे किसी भी प्रकार से जान-माल की हानि नहीं हुई।
भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र में 15 मई को जिला दादरी से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। भिवानी में यह तिरंगा यात्रा 17 मई को निकाली जाएगी। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, धर्मवीर नेहरा, रामकिशन हलवासिया और पंकज कौशिक मौजूद रहे।