हांसी/चरखी दादरी। रेवाड़ी जिले के नांगल पठानी रेलवे स्टेशन पर मानसिक रूप से परेशान हांसी के राजेश ने फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि दो दिन पहले वह रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। रविवार सुबह उसका शव प्लेटफॉर्म पर फंदे से लटका मिला। जीआरपी ने शव का दादरी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
जीआरपी चौकी से जांच अधिकारी सत्यवीर ने बताया कि राजेश की हांसी में परचून की दुकान है। उसकी चार बेटियां हैं। वीरवार को राजेश घर से रिश्तेदारी में जाने के लिए निकला था। दो दिन तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह साढ़े छह बजे जीआरपी पुलिस को सूचना मिली कि नांगल पठानी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर किसी व्यक्ति ने फंदा लगा लिया है। सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा। इसके बाद मृतक की पहचान की गई। पुलिस ने राजेश के जीजा वेदप्रकाश के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है। वेद प्रकाश ने बताया कि राजेश कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। राजेश की मौत के बाद से कमाई का भार मां-बेटियों पर आ गया है।