मृतक के द्वारा दिवार पर लिखे गए सुसाइड नोट।
- फोटो : 1
सिवानी मंडी। उपमंडल के गांव गुरेरा में एक मुजारा किसान ने शनिवार रात जहर पीकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले दीवार पर लिखा कि मेरी मौत के जिम्मेदार खेत मालिक और उसकी मां हैं। वहीं परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रविवार को शव को भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पत्नी की शिकायत पर तीन नामजदों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
गांव गुरेरा निवासी 45 वर्षीय सतबीर पिछले करीब चार साल से ढाणी शिलावाली निवासी एक किसान के खेत में काश्त करता था। सतबीर की पत्नी जिलोपति ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि खेत मालिक तीन साल से हिसाब नहीं कर रहा था। इस वजह से उसके पति मानसिक रूप से परेशान थे। उन्होंने खेत में बनी ढाणी के कमरे की दीवार पर खेत मालिक विजेंद्र, उसकी मां शकुंतला व प्रदीप पर तीन सालों का हिसाब नहीं देने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर जहर निगल लिया। सिवानी थाना पुलिस के मुताबिक तीनों नामजदों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है।