हिसार। एशियाई खेल-2026 में बुधवार को महिला हॉकी के पूल बी मुकाबले में भारतीय महिला हॉकी टीम ने थाईलैंड को 20-1 से करारी शिकस्त दी। इस ऐतिहासिक मुकाबले में हरियाणा के रोहतक जिले के गांव भैसरू खुर्द निवासी फॉरवर्ड खिलाड़ी दीपिका सहरावत ने 9 गोल दागकर प्रतियोगिता के एक ही मैच में सर्वाधिक गोल करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने का नया कीर्तिमान स्थापित किया।
हालांकि इस राष्ट्रीय खुशी के बीच बुधवार को परिवार के एक बुर्जुग सदस्य को खोने का गम भी झेलना पड़ा। बुधवार सुबह 11 बजे जब परिजन मैच देखने की तैयारी कर रहे थे तभी हिसार में एस्ट्रोटर्फ पर अभ्यास करने वाली दीपिका की छोटी दादी मनकी देवी (78) का निधन हो गया।
दीपिका के पिता जगदीश ने बताया कि बेटी की एकाग्रता बनाए रखने के लिए इसकी जानकारी दीपिका को नहीं दी। मुकाबले के बाद भी राष्ट्रीय गौरव के क्षणों और खुशी बरकरार रखने के लिए दीपिका और उनके कोच को पारिवारिक गम के बारे में नहीं बताया।
उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी किए थे 8 गोल :
हॉकी कोच आजाद सिंह मलिक ने बताया कि दीपिका ने ड्रैग फ्लिक तकनीक के सहारे शानदार प्रदर्शन कर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले उज्बेकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भी उन्होंने 8 गोल किए थे। प्रतियोगिता में भारतीय टीम अब तक उज्बेकिस्तान, इंडोनेशिया और थाईलैंड को मात दे चुकी है। मुकाबले में सिरसा निवासी सविता पूनिया ने भी बेहतर प्रदर्शन किया। इस ऐतिहासिक सफलता पर लगातार दूसरे दिन हिसार के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर खिलाड़ियों ने मिठाई बांटकर जश्न मनाया।
पहले मैच में जीते भेरियां के मुक्केबाज अंकुश
हिसार। जिले के गांव भेरियां निवासी मुक्केबाज सैनिक अंकुश पंघाल ने बुधवार को एशियाई खेल की 80 किलो भार वर्ग में बहरीन/ब्रूनई के मुक्केबाज हमसा वोजेल को 5-0 से हराकर प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। उनके कोच प्रदीप सावंत और ताऊ रमेश पंघाल ने बताया कि क्वार्टर फाइनल के लिए अभी अंकुश का प्रतिद्वंद्वी तय नहीं हो सका है। उनका मुकाबला तुर्कमेनिस्तान या तजाकिस्तान के विजेता मुक्केबाज से होगा। यह मैच जीतने के साथ ही उनका पदक पक्का हो जाएगा। एशियाई खेल में 90 किग्रा से अधिक भार वर्ग में हांसी जिले के गांव सोरखी निवासी सैनिक नरेंद्र बेरवाल एशियाई खेलों में सीधे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। इसके लिए वह 27 सितंबर को नरेंद्र थाईलैंड के मुक्केबाज अदथापोंग सेंगतेप के साथ खेलेंगे। ब्यूरो
लेफ्ट रेडर निकिता ने भारतीय टीम को दिलाए 10 अंक
हिसार। एशियाई खेलों में भारतीय महिला कबड्डी टीम पहले मुकाबले में बुधवार को 37-23 से जीती। टीम ने ईरान को हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। भारतीय महिला कबड्डी टीम में शामिल निकिता बरवाला के गांव हसनगढ़ और मनीषा बालसमंद क्षेत्र के गांव भिवानी रोहिल्ला की निवासी हैं। खिलाड़ी निकिता कुमारी निक्कड़ के कोच संदीप ने बताया कि लेफ्ट रेडर के रूप में अंतिम समय में मैच में आकर भारतीय टीम को 10 अंक दिलाए। उनकी माता विनोद कुमारी, पिता अनिल नैन, भाई दीपांशु, बहन मनीषा, मोनिका, सीमा ने भी टीवी पर मैच का सीधा प्रसारण देखा। मनीषा के कोच धर्मपाल और पिता राजपाल ने बताया कि भारतीय टीम की जीत पर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। ब्यूरो