बरवाला। शहर के वार्ड 3 का एक परिवार दाे दिन पहले हिसार दवा लेने गया था, लेकिन घर के सभी सदस्य वापस नहीं आए हैं। पुलिस ने लापता परिवार के मुखिया प्रेम कुमार मक्कड़ के भतीजे पवन कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस काे दी शिकायत में जिला फतेहाबाद के टाेहाना में रह रहे पवन कुमार ने कहा है कि वह 19 अप्रैल की रात को बरवाला के वार्ड 3 में रहने वाले अपने चाचा प्रेम कुमार मक्कड़ के पास आया हुआ था।
20 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे मेरा चाचा प्रेम कुमार, चाची बिमला देवी और भाई गौरव, सौरव हिसार से दवाई लाने की कह कर घर से गये थे। फिर करीब 2 बजे गौरव ने फोन करके कहा कि हमें कुछ टाइम लगेगा हम शाम तक वापिस आ जाएंगे। मगर आए नहीं तो मैंने मेरे चाचा के माेबाइल पर फोन किया। उनका नंबर बंद मिला। फिर मैंने चाची, भाई गौरव व सौरव के पास फोन किया तो इनके नंबर भी बंद मिले। फिर मैंने आसपास व पड़ोस में और अपनी रिश्तेदारी में पता किया, लेकिन इनका कोई पता नहीं चला। फिर मैंने हिसार वाले क्लीनिक जहां पर दवाई लेने के लिए गए थे वहां भी फोन किया। इस पर क्लीनिक वालाें ने बताया कि हमारे पास इनमें से कोई भी व्यक्ति नहीं आया। इसके बाद पवन कुमार ने मामले की जानकारी पुलिस काे दे दी।