हिसार। बिजली निगम की ओर से कार्यकारी अभियंता मंडल नंबर-1 में 13 मार्च को दरबार लगाया जाएगा, जिसमें उपभोक्ताओं की बिजली से संबंधित शिकायतों का समाधान किया जाएगा। सुबह साढ़े 10 बजे से साढ़े 11 बजे तक शिकायतों का निपटान किया जाएगा। इन शिकायतों में गलत बिलिंग 50 हजार रुपये से कम, वोल्टेज संबंधित, बिजली आपूर्ति में बाधा, खराब मीटर को बदलने में देरी संबंधित शामिल की जाएगी। बिजली अधिनियम की धारा 126, 127, 135, 140, 142, 143, 146 व 152 के अंतर्गत बिजली चोरी व बिजली के अनधिकृत उपयोग के मामले में दंड व जुर्माना और धारा 161 के अंतर्गत जांच एवं दुर्घटनाएं से संबंधित मामलों की सुनवाई नहीं की जाएगी। इसके लिए उपभोक्ता xenop1hisardhbvn.org.in के माध्यम पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
एसडीओ के खिलाफ बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी
नारनौंद। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन सब यूनिट नारनौंद ने बिजली निगम परिसर में एसडीओ के खिलाफ गेट बैठक कर विरोध जताया और नारेबाजी की। बैठक की अध्यक्षता सत्यवान रंगा ने की। संचालन मनीष जांगड़ा ने किया।
सत्यवान रंगा ने कहा कि एसडीओ कर्मचारियों की समस्याएं सुलझाने के बजाय बढ़ा रहे हैं। उनको जरूरी सामान उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। जेई ऑफिस और स्टोर की व्यवस्था नहीं करवाई गई। ऑफिस में फर्नीचर, कंप्यूटर, प्रिंटर और पेयजल तक की सुविधा नहीं है। एसडीओ अपनी मनमानी कर रहे हैं और गलत आदेश जारी कर रहे हैं। उनकी लापरवाही से ऑफिस की व्यवस्था बिगड़ चुकी है और एसडीओ खुद भी अपनी सीट पर नहीं बैठते हैं। जब तक समस्याओं का समाधान नहीं होगा उनका आंदोलन जारी रहेगा।