हिसार। सिरसा रोड स्थित अश्व अनुसंधान केंद्र में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में डॉ. रक्षा चौधरी ने एंटीबायोटिक का असर कम होने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पशुओं को लगातार एंटीबायोटिक देने से इसका प्रभाव घटने लगता है। यही स्थिति मनुष्यों में भी देखने को मिल रही है। ऐसे में इस क्षेत्र में नए शोध की जरूरत है। इसके लिए वैज्ञानिकों को मिलकर काम करना होगा।
विज्ञापन
कार्यशाला के दूसरे दिन आठ सत्र आयोजित किए गए। पोस्टर सेशन और पैनल डिस्कशन में वैज्ञानिकों ने अपने शोध प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि पशुओं से फैलने वाली बीमारियां मानव स्वास्थ्य के लिए भी खतरा हैं। एंटीबायोटिक के अत्यधिक इस्तेमाल से पशुओं और मनुष्यों, दोनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ता है।
संस्थान के निदेशक डॉ. टीके भट्टाचार्य ने कहा कि एंटीबायोटिक के क्षेत्र में शोध की अपार संभावनाएं हैं। समापन समारोह में अतिथियों और संस्थान के पूर्व प्रभारियों को सम्मानित किया गया। प्रतिभागियों ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से अपने अनुभव और शोध कार्यों की जानकारी साझा की। कार्यशाला में देश के सभी राज्यों के वैज्ञानिकों के साथ विदेश से करीब 10 प्रतिभागी शामिल हुए। कई विदेशी प्रतिभागी ऑनलाइन भी जुड़े।