हिसार। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षा विभाग जिले के सरकारी और निजी स्कूलों का सुरक्षा ऑडिट करवाएगा। इसमें सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यक्षमता, रिकॉर्डिंग और निगरानी व्यवस्था की जांच की जाएगी।
स्टाफ की उपस्थिति, जिम्मेदारियों, बच्चों की देखरेख और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के इंतजाम भी परखे जाएंगे। ऑडिट का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था में खामियों की पहचान कर उन्हें दूर करना और स्कूलों में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।
स्कूलों में लगे सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में हैं या नहीं उनकी रिकॉर्डिंग नियमित हो रही है या नहीं और रिकॉर्डिंग की निगरानी कौन करता है इसकी जानकारी ली जाएगी। कैमरे लगाने के साथ उनकी नियमित निगरानी की व्यवस्था होना भी जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति में रिकॉर्डिंग से जानकारी जुटाई जा सके।
स्टाफ की जिम्मेदारी और बच्चों की देखरेख पर रहेगा ध्यान
ऑडिट के दौरान कक्षा अध्यापकों, सहायकों और विशेष शिक्षकों की उपस्थिति व उनकी जिम्मेदारियों की जांच होगी। शिक्षकों को रजिस्टर में हाजिरी लगानी होगी। यह भी देखा जाएगा कि बच्चों की देखरेख के लिए पर्याप्त कर्मचारी हैं या नहीं और सभी को उनकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से सौंपी गई है या नहीं। छोटे बच्चों और विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की भी समीक्षा होगी। इसके अलावा स्कूल परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश और उनकी आवाजाही पर नजर रखने की व्यवस्था जांची जाएगी। बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को कक्षा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
मेडिकल सुविधा और आपातकालीन इंतजाम भी परखेंगे
सुरक्षा ऑडिट में स्कूलों की चिकित्सा सुविधाओं की भी जांच होगी। किसी विद्यार्थी की तबीयत खराब होने या चोट लगने पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के इंतजाम देखे जाएंगे। मेडिकल कक्ष की उपलब्धता और आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने की व्यवस्था का आकलन होगा। दिव्यांग विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुसार सुरक्षा और देखभाल के प्रबंध भी जांचे जाएंगे।
-
जांच के दौरान स्कूलों में सुरक्षा से संबंधित निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना की स्थिति भी देखी जाएगी। जिन स्कूलों में कमियां मिलेंगी उन्हें सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। विभाग का जोर केवल कागजों में सुरक्षा व्यवस्था दर्शाने के बजाय सुविधाओं की उपलब्धता और उनके वास्तविक संचालन की जांच पर रहेगा। इससे स्कूल प्रबंधन की जवाबदेही तय करने के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था में सुधार किया जा सकेगा।
- राकेश चराया, बीईओ।