हांसी। शहर के एक मोहल्ले में नशे के धंधेबाजों को पकड़ने के लिए जांच करने पहुंची पुलिस।
हांसी। नशा के धंधेबाजों को पकड़ने के लिए वीरवार को हांसी पुलिस ने वीरवार को नई ऑटो मार्केट, साईं कॉलोनी और गणेश कॉलोनी में सर्च अभियान चलाया। स्नाइपर डॉग के साथ पहुंची पुलिस ने तीन घंटे के इस अभियान के दौरान कई संदिग्ध व्यक्तियों के मकान को खंगाला। परंतु धंधेबाजों को शायद पहले से ही इस कार्रवाई की जानकारी थी, क्योंकि सभी पहले ही ताला लगाकर कहीं जा चुके थे। अभियान के दौरान न तो कोई नशीला पदार्थ मिला और न ही कोई व्यक्ति पकड़ा गया।
एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने हिसार का कार्यभार संभालते ही कानून-व्यवस्था को ठीक करने व नशा तस्करों पर सख्ती के आदेश दिए थे। एडीजीपी के निर्देश के क्रम में वीरवार को हांसी पुलिस ने सीलिंग प्लान व सर्च अभियान चलाया। डीएसपी विनोद शंकर व डीएसपी प्रदीप यादव के नेतृत्व में चलाए गए सर्च अभियान में सिटी, सदर व सीआईए थानों के प्रभारी सहित सभी चौकियों के इंचार्ज भी शामिल रहे। पुलिस बल ने नशा तस्करों के संभावित अवैध ठिकानों पर छापा मारा। परंतु हर जगह कमरे पहले से ही बंद मिले। पुलिस टीम के साथ विशेष रूप से प्रशिक्षित स्नाइपर डॉग ने भी नशीले पदार्थों को ढूंढने का प्रयास किया।
यह स्नाइपर डॉग हरियाणा नारकोटिक्स ब्यूरो से ट्रेंड है, जो जमीन के तीन फीट अंदर छुपे नशीले पदार्थों को भी सूंघ लेता है। परंतु यह सारी कवायद केवल कागजी ही साबित हुई। पुलिस के सर्च ऑपरेशन के दौरान एक भी संदिग्ध व्यक्ति नहीं पकड़ा गया और न ही कोई आपित्तजनक वस्तु बरामद हुई। पुलिस का दावा है कि सर्च अभियान के दौरान क्षेत्र में आने जाने वाले व्यक्तियों की भी छानबीन की गई। डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि एडीजीपी श्रीकांत जाधव के निर्देश पर पुलिस नशीला पदार्थ बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई कर रही है, जिसके चलते धंधे पर रोक लगाने में सफलता मिली है। इस तरह छापा मारने का अभियान आगे भी चलता रहेगा।