नागरिक अस्पताल में दवा के सैंपल भरते ड्रग कंट्रोल ऑफिसर अजय लुहाच व अन्य।
हिसार। ड्रग कंट्रोलर की टीम ने शुक्रवार को नागरिक अस्पताल में 6 दवाइयों के सैंपल भरे। सैंपल को जांच के लिए पंचकूला भेजा जाएगा। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हिसार नागरिक अस्पताल में जगह की कमी होने के चलते टीन शेड के नीचे दवाइयों का भंडारण किया जा रहा था। इस बारे में अधिकारियों तक भी शिकायत पहुंची थी।
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर अजय लुहाच ने बताया कि दवाइयों को स्टोर करने के लिए कई तरह के मानक बने हुए हैं। कुछ दवाइयों को माइनस वाले तापमान में रखा जाता है तो कुछ तो 25 डिग्री सेल्सियस तक में रखा जाता है। नागरिक अस्पताल में टीन शेड के नीचे दवाइयां रखी जा रही थीं। यहां दवाइयों के भंडारण के लिए एयर कंडीशनर नहीं लगाए गए थे। इसके बाद हमारी टीम ने अलग अलग तरह की दवाइयाें के सैंपल भरे हैं। ऐसी दवाइयों के सैंपल लिए गए जिनको 25 डिग्री से कम तापमान में रखना होता है। ऐसा न करने पर इनकी गुणवत्ता पर भी फर्क पड़ता है।
शुक्रवार को चार एसी लगवाए, सैंपलिंग के दौरान तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड
डॉ. अजय लुहाच ने बताया कि जिस समय सैंपल लिया उस समय वहां एयर कंडीशनर (एसी) लगा दिया गया था। दवाइयों के उचित भंडारण के बारे में जानकारी दी है। शुक्रवार को ही ड्रग हाउस में चार एसी लगवाए गए हैं। जिस समय सैंपल लिया उस समय वहां तापमान 19 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। चीफ फार्मेसी ऑफिसर विनोद दलाल, फार्मेसी ऑफिसर नीरज, रजनीश की मौजूदगी में सैंपल भरे गए।