हिसार के अग्रसेन भवन में श्रीराम कथा समिति की ओर से आयोजित श्रीराम कथा में झांकी।
हिसार। श्रीराम कथा समिति की ओर से आयोजित श्रीराम कथा के अंतिम दिन शनिवार को कथा व्यास महंत चिन्मयदास महाराज ने रामसेतु बंधन, राम-रावण युद्ध व राम राज्याभिषेक के प्रसंग सुनाकर अभिभूत कर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान करके परमात्मा की अनंत कृपा का भान करवाया। इस अवसर पर प्रभु श्रीराम के राज्याभिषेक की झांकी देखकर श्रद्धालु अपने इष्ट के प्रति अनायास ही नतमस्तक हो गए। मां जानकी सेवा दल की सदस्यों ने नाच-गाकर प्रभु श्रीराम की झांकी का स्वागत किया।
महंत चिन्मयदास ने लंकापति रावण के हश्र से सीख लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जो इंसान अधर्म, अनीति व अन्याय के मार्ग पर चलता है, उसका विनाश तय है। इसलिए धर्मसम्मत कार्य करते हुए प्रभु भक्ति में मन लगाना चाहिए। श्रीराम कथा समिति के पदाधिकारी सुरेंद्र लाहौरिया, राजेश बंसल व शक्ति अग्रवाल ने बताया कि महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित की गई श्रीराम कथा में विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर पुण्यलाभ प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल की भव्य रामनवमी शोभा यात्रा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राम-कृष्ण सेवा संस्थान व विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त संयोजन में शोभा यात्रा निकाली जाएगी।
श्रीराम कथा के सातवें दिन लाहौरिया धर्मार्थ ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारेलाल लाहौरिया अति विशिष्ट अतिथि रहे। इस दौरान नगर निगम मेयर प्रवीण पोपली, भाजपा जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, आयर उपायुक्त आरएस बूरा, डॉ. जेपी. नलवा, ऋषिराज बुड़ाकिया, डॉ. एनके खेतरपाल, गौतम सरदाना, डॉ. राजीव राजवंशी आदि मौजूद रहे।