हिसार। 2025 में जिले में पूर्व विधायक रेलूराम हत्याकांड के दोषियों को जमानत, यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा केस, 10वीं के छात्र की हत्या, स्कूल प्रिंसिपल की हत्या, सब इंस्पेक्टर की हत्या जैसे कई बड़ी आपराधिक घटनाएं चर्चा में रही। हालांकि, 2026 से लोगों को पुलिस से कई उम्मीद है।
वहीं पुलिस भी दावा कर रही है कि अगले साल पुलिस विभाग में कई बड़े बदलाव होंगे। आमजन की सुरक्षा के लिए तीन नए थाने बनाने की योजना पर मोहर लग सकती है, जो पिछले दो से ढाई साल से प्रस्तावित है। इनमें पुलिस कर्मियों की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था और ज्यादा मजबूत होगी।
यहां बनने हैं प्रस्तावित तीन थाने
जिले के आजादनगर, बरवाला और बालसमंद में तीन नए थाने बनाने की योजना है। हालांकि, इस योजना पर पिछले दो-तीन साल से काम चल रहा है। इसका प्रस्ताव बनाकर भी सरकार को भेजा गया है। हालांकि, अभी तक कोई अपडेट सामने नहीं आया है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि 2026 में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल सकती है।
-
हांसी में बनेगी नई पुलिस लाइन
सीएम नायब सिंह सैनी ने हाल ही में हांसी को नया जिला घोषित किया है। उन्होंने हांसी में ही नई पुलिस लाइन बनने की भी घोषणा की है। वहीं ऐसे में वह पुलिस सुरक्षा बढ़ाने के लिए प्रभावी कदम बढ़ाएगी।
हिसार की पांच प्रमुख आपराधिक घटनाएं
1- 10वीं के छात्र ने सहपाठी की गोली मारकर की हत्या
हिसार। सातरोड रेलवे स्टेशन के पास 29 मई की सुबह करीब 7 बजकर 15 मिनट पर नाबालिग छात्र ने अपने पूर्व सहपाठी और 10वीं के छात्र दीक्षित की गोली मारकर हत्या कर दी थी। नाबालिग ने अपने दादा की लाइसेंसी दोनाली (डोगा बंदूक) से दो फायर किए। हालांकि, कुछ घंटे बाद ही रेलवे पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया था। पूछताछ में सामने आया था कि करीब एक साल पहले जब दीक्षित नौंवी कक्षा का छात्र था तो उसकी मृतक छात्र के साथ बैंच पर आगे बैठने के बारे में विवाद हुआ था। इसी के चलते उसने सहपाठी की हत्या की थी।
2 -ज्योति मल्होत्रा पर लगा देशद्रोह का दाग
हिसार। प्रसिद्ध यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा (33) को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में हिसार सिविल लाइन थाना पुलिस ने 16 मई को गिरफ्तार किया था। ज्योति के खिलाफ करीब 25,00 पन्ने की चार्जशीट तैयार कर पुलिस कोर्ट में दाखिल कर चुकी है। वहीं ज्योति मल्होत्रा की जमानत के लिए मई में उनके वकील ने लोअर कोर्ट में याचिका दायर की थी। हालांकि, लोअर कोर्ट, एडीजे की अदालत में याचिका खारिज हो चुकी है।
3- गुरु पूर्णिमा के दिन छात्रों ने की प्रिसिंपल की हत्या
हिसार। 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के दिन बास बादशाहपुर गांव के करतार मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दो नाबालिग छात्रों ने चाकू घोंप कर प्रिंसिपल जगबीर सिंह की हत्या कर दी थी। स्कूल संचालक और प्राचार्य जगबीर सिंह पानू इन छात्रों को लंबे बालों और अनुशासन में रहने के बारे में टोकते थे। जिसके चलते इन छात्रों ने चाकू घोंप कर हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। यह वारदात कई दिनों तक चर्चा में रही।
-
4- दुकान के अंदर घुस कर हत्या
हिसार। पुरानी सब्जी मंडी पुल के पास 4 अक्तूबर को दो बदमाशों ने दुकान के अंदर घुसकर रानू सैनी की 14 बार चाकुओं से गोद कर मार डाला था। इसके बाद हमलावर बाइक पर सवार होकर भाग गए थे। युवक पर चाकुओं से हमले का पूरा घटनाक्रम दुकान के अंदर लगे कैमरे में कैद हो गया था। चाकुओं से वार करने से पहले हमलावरों ने युवक को गोली मारने के लिए पिस्टल भी चलाई थी। हालांकि, वह चल नहीं पाई थी। इसके बाद उन्होंने चाकुओं से हमला कर रानू की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
5-सब इंस्पेक्टर रमेश की पीट-पीट कर हत्या
हिसार पुलिस में तैनात सब इंस्पेक्टर रमेश की 7 नवंबर की रात को 8 से 10 लोगों ने लाठी डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। एसआई एडीजीपी कार्यालय में अपनी सेवाएं दे रहे थे। वे थाने चौकी में अपनी ड्यूटी नहीं लगवाते थे। उनकी जनवरी 2026 में सेवानिवृत्ति थी। उनकी अधिकतर सेवा सिरसा और हिसार में रही। मिलगेट क्षेत्र में स्थित श्यामलाल की ढाणी में जब कुछ लोग हुड़दंग कर रहे तो रमेश की उनसे कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद आरोपियों ने रमेश कुमार की ईंट-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस अब तक इस मामले में पिता-पुत्र समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं अभी एक आरोपी फरार है।
-
- चार प्रमुख मामले जो पुलिस के लिए अब भी पहेली बने हैं
मिर्जापुर के मोनू की हत्या का नहीं लगा सुराग
मिर्जापुर का मोनू 4 दिसंबर अपने घर से लापता हो गया था। उसका शव पांच दिन बाद 9 दिसंबर को मिर्जापुर के पाना महराणा स्थित सड़क किनारे जमा बारिश के पानी में मिला था। वहीं 10 दिसंबर को मोनू के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया था। परिजनों ने इस मामले में मोनू की हत्या का शक जताया और कुछ युवकों के नाम भी दिए हैं। जिनसे पुलिस पूछताछ भी कर रही है लेकिन, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
-
मंगाली गांव की पुलिस चौकी में मौत का मामला नहीं सुलझा
मंगाली गांव की पुलिस चौकी में 22 जुलाई को संजय कांटीवाल का पत्नी से उसका झगड़ा हो गया था। जिसके चलते उसे पुलिस ने हवालात में बंद कर दिया था। इसके बाद 23 जुलाई को उसका शव हवालात में मिला था। इसके बाद लोगों ने विरोध जताया और चौकी पर ताला तक जड़ दिया था। इस मामले में अभी तक कोई खुलासा नहीं हुआ है। वहीं फॉरेंसिक लैब और न्यायिक जांच में खुलासा हुआ है कि संजय की बेरहमी से पिटाई की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके शरीर पर 23 जगह चोटों के निशान पाए गए।
-
रेलवे स्टेशन से आठ महीने का बच्चा गायब
हिसार रेलवे स्टेशन से आठ महीने के बच्चे को एक महिला अपहरण कर ले गई थी। बच्चा उत्तर प्रदेश के आंबेडकर नगर का है। उसकी मां लाडली उसे घर से लेकर निकली थी। जब वह हिसार में शौचालय के लिए गई तो उसी दौरान एक महिला उसके बच्चे को लेकर भाग गई थी। बच्चे की तलाश में हिसार रेलवे पुलिस ने पांच टीमें गठित की लेकिन, इसके बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
-
साइबर ठगी का खुलासा नहीं कर सकी पुलिस
पर्वतारोही और पुलिस विभाग में तैनात अनीता कुंडू ने बताया कि उनके नाम से किसी ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई और 85 लोगों से ठगी की। कुंडू ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर बताया कि यह आईडी फर्जी है। इसके साथ ही साइबर थाने में कई बार शिकायत भी की। लेकिन, इसके बाद भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। पुलिस अभी भी साइबर ठगों तक नहीं पहुंच सकी है।
-
पुलिस की उपलब्धियां
-आठ कुख्यात नशा तस्कर गिरफ्तार कर जेल भेजे।
- एसआई रमेश हत्याकांड में नौ लोगों को गिरफ्तारी।
- 150 से ज्यादा साइबर ठग गिरफ्तार कर 88.95 लाख रुपये रिकवर।
- तीन महीने से महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए जिले में दुर्गा शक्ति टीम एक्टिव।
- महिला थाना पुलिस ने 727 परिवार टूटने से बचाए, केवल 39 में एफआईआर दर्ज।
- पुलिस ने लापता लड़की को सकुशल बरामद किया।