हिसार। चाकू के हमल से घायल सेवानिवृत्त महिला कर्मचारी की हालत में दूसरे दिन सुधार हुआ है। हालांकि दूसरे दिन भी महिला के बयान दर्ज नहीं हो पाए जिस कारण से मामले में केस दर्ज भी नहीं हो सका। उधर वारदात के दूसरे दिन पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज हासिल की। साथ ही वहां रहने वाले लोगों से भी बातचीत की। पुलिस ने घायल महिला के बेटे बंटी से भी पूछताछ की।
जवाहर नगर की गली नंबर 6 निवासी 70 साल की सेवानिवृत्त कर्मचारी उर्मिला ठकराल रविवार को घर पर सोई हुई थी। दोपहर करीब ढाई बजे पास के घर में किराये पर रह रही डाटा निवासी युवती मुंह पर कपड़ा बांधकर घर पहुंची। उसने रसोई से चाकू उठाकर उर्मिला पर हमला कर दिया था। सिविल लाइन थाने के एसएचओ रिसाल सिंह ने बताया कि अभी घायल महिला बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस ने कुछ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर व लोगों से बातचीत कर सबूत जुटाए हैं। मामले की जांच की जा रही है।