हिसार। लाला लाजपत राय पशु-चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास) से संबद्ध कॉलेजों में वेटनरी डिप्लोमा (वीएलडीए) के पेपर लीक मामले में बनी चार सदस्यीय फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी ने इसे पुलिस को सौंपने की सिफारिश की है। डीन डॉ. पवन कुमार की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने निष्कर्ष निकाला कि पेपर लीक से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच पुलिस ही कर सकती है। कमेटी ने यह भी कहा कि परीक्षा रद्द करने का अंतिम निर्णय पुलिस जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही लिया जाए।
लुवास से संबद्ध 15 कॉलेजों में वीएलडीए प्रथम वर्ष की परीक्षाएं 23 अक्तूबर से 14 नवंबर तक आयोजित हुई थीं। इनमें 7 से 14 नवंबर तक प्रैक्टिकल परीक्षाएं चल रही थीं। इसी दौरान 13 नवंबर को दोपहर 3 बजे विश्वविद्यालय ने नोटिस जारी कर पेपर लीक के कारण सातों लिखित परीक्षाएं रद्द कर दी थीं। इस फैसले का असर करीब 1400 विद्यार्थियों पर पड़ा।
16 नवंबर को विद्यार्थियों ने कुलपति कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर चार मांगें रखीं। छात्रों का कहना था कि परीक्षाएं रद्द होने से उनका भविष्य अधर में लटक गया है। छात्रों की बात सुनने के बाद कुलपति ने कहा था कि पुराना आदेश (सभी परीक्षाएं रद्द) तत्काल प्रभाव से रोका जा रहा है और 20 नवंबर तक फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी व पुलिस जांच (यदि एफआईआर दर्ज होती है) की रिपोर्ट के आधार पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
फैक्ट-फाइंडिंग कमेटी में डॉ. पवन कुमार, डॉ. मनोज रोज, डॉ. संदीप गुप्ता और डॉ. विजय जाधव शामिल थे। कमेटी ने वीरवार को अपनी रिपोर्ट कुलपति को भेज दी है। रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि मामले की निष्पक्ष पड़ताल के लिए पुलिस जांच जरूरी है। कुलपति की सहमति मिलते ही मामला औपचारिक रूप से पुलिस को सौंप दिया जाएगा।
-
इन कॉलेजों में रद्द हुई थीं परीक्षाएं
लुवास से संबद्ध कॉलेज
महेंद्रगढ़: 2
झज्जर: 2
फतेहाबाद: 2
भिवानी: 2
सोनीपत: 2
रोहतक: 1
पंचकूला: 1
पलवल: 1