बरवाला। राजकीय महाविद्यालय में शुक्रवार को वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव ''उल्लास उत्सव'' का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने हुनर का रंग दिखाया। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने पौधरोपण कर किया और प्रतिभागियों तथा मेधावी छात्रों को पुरस्कृत किया।
मंत्री ने महाविद्यालय में 2,000 लोगों की क्षमता वाले सभागार के निर्माण, स्ट्रीट लाइट और चहारदीवारी निर्माण पूरा करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और परिश्रमी बनने का पाठ पढ़ाया और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
प्राचार्य डॉ. सत्यपाल सिंह ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। संस्कृति समिति के सलेंदर, राहुल, शालू, सुशीला, रघु महेंद्र व प्रभारी नीतू की देखरेख में आशीष कुमार और रघुमहेंद्र सिंह दुहन ने कार्यक्रम का संचालन किया। नगर परिषद चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, एसडीएम डॉ. वेदप्रकाश बेनीवाल, अनूप ढांडा, पंकज रहेजा, रेखा ढांडा आदि उपस्थित रहे।
एकल नृत्य में खुशबू प्रथम
कार्यक्रम में एकल नृत्य, समूह नृत्य, गायन, मिमिक्री और युगल प्रस्तुति जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। एकल नृत्य में खुशबू प्रथम, ज्योति द्वितीय और वंदना तृतीय रहीं। समूह नृत्य में काजल ग्रुप प्रथम, जागृति द्वितीय और ज्योति तृतीय रहे। गायन में अमन ने प्रथम और रीनू ने द्वितीय स्थान हासिल किया। युगल प्रस्तुति में नवंदना व डिंपल प्रथम, खुशबू व रोजी द्वितीय और ज्योति व भतेरी तृतीय रहीं। मिमिक्री में याचिका की प्रस्तुति भी सराही गई।