हिसार। विजयनगर क्षेत्र में वीरवार को खांसी की दवाई पिलाने से हुई तीन माह की बच्ची ख्वाहिश की मौत मामले में एचटीएम थाना पुलिस ने नागरिक अस्पताल से विसरा हासिल किया है। विसरा को जांच के लिए फोरेंसिक लैब में भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस अगली कार्रवाई करेगी। पुलिस ने अस्पताल के अंदर लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली है। वहीं ड्रग्स विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। मृतका के परिजन अस्पताल के चिकित्सक और मेडिकल स्टोर संचालक पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
यह था मामला
महाबीर कॉलोनी की ज्योतिका ने बताया था कि पति मुकेश शीशे की सजावट का काम करता है। तीन महीने की बेटी ख्वाहिश को सर्दी लगी थी। बच्ची को दवा दिलवाने के लिए पति के साथ दोपहर 12 बजे विजयनगर के निजी अस्पताल में पहुंची थी। चिकित्सक ने बच्ची को देखकर पर्ची पर दवा लिख दी।
अस्पताल के सामने मेडिकल स्टोर संचालक को पर्ची देखकर दवा ली। स्टोर संचालक ने शीशी दी और कहा कि इसे यहीं दवा पिला दो, बच्ची को तुरंत आराम आ जाएगा। उसके कहे अनुसार शीशी को खोलकर बच्ची को दवा पिला दी। फिर वह दोनों बच्ची को लेकर घर पहुंचे। तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी। उनका आरोप है कि गलत दवा देने के कारण ख्वाहिश की मौत हुई है।
-
जांच रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
नागरिक अस्पताल से शनिवार को विसरा लिया गया है। इसे जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। वहां से रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। - बिजेंद्र सिंह, डोगरान मोहल्ला पुलिस चौकी प्रभारी।