हांसी। शहर की आबोहवा को साफ-सुथरा और गलियों को व्यवस्थित बनाने की मुहिम में प्रशासन मुस्तैदी से जुट गया है। एडीसी (अतिरिक्त उपायुक्त) और डीएमसी (नगर आयुक्त) लक्षित सरीन के नेतृत्व में बुधवार को शहर के सुंदरीकरण के संकल्प के लिए झाड़ू चली तो मानो बरसों से उपेक्षित हर गली मुस्कुरा उठी। इस महाअभियान में नगर परिषद और अन्य महकमों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी मुस्तैदी दिखाई। वार्ड-1, 5, 16, 19 तथा 24 को गंदगी से मुक्त करने के लिए चलाया गया अभियान व्यवस्था को एक नया सवेरा दे गया।
इस दौरान सरीन खुद फील्ड में मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर नालों, सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों एवं सीवरेज व्यवस्था की सफाई कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नालों की सफाई कर कचरा उठाया गया। सड़कों एवं गलियों से गंदगी हटाई गई। सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाया गया। सीवरेज लाइनों की सफाई सुपर सकर मशीन के माध्यम से करवाई गई ताकि बरसात के मौसम में जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
सरीन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर, गंदगी अथवा जलभराव की स्थिति दिखाई नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र का नियमित निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने नालों की समयबद्ध सफाई, कचरे के त्वरित उठान, सीवरेज लाइनों के रखरखाव तथा सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हांसी को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के लिए आमजन की सहभागिता बहुत आवश्यक है। नागरिक भी अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा नगर परिषद के स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को स्वच्छता के प्रति लगातार जागरूक किया जाए ताकि शहर में स्थायी रूप से स्वच्छ वातावरण कायम रखा जा सके। अभियान के दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र सोनी, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान, कनिष्ठ अभियंता संदीप, तकनीकी विशेषज्ञ अनुज, प्लांटेशन विशेषज्ञ सुरजीत सहित नगर परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
कहां-किसके नेतृत्व में चला अभियान
अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रत्येक वार्ड में अलग-अलग अधिकारियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। वार्ड-5 में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान, वार्ड-16 में कनिष्ठ अभियंता संदीप, वार्ड-24 में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र सोनी, वार्ड-1 में स्वयं एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन, वार्ड नंबर 19 में तकनीकी विशेषज्ञ अनुज और प्लांटेशन विशेषज्ञ सुरजीत ने अभियान का नेतृत्व किया।