हिसार। तीन दिन से लापता राजली निवासी रोहित (19) का शव मंगलवार सुबह डाबड़ा माइनर से बरामद हुआ। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए चिकित्सीय बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने की मांग की।
इसके बाद शव को अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि चिकित्सीय बोर्ड द्वारा किए पोस्टमार्टम में शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं मिले। बरवाला थाना इंचार्ज कर्मजीत ने बताया कि इस मामले में इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है। साथ ही विसरा जांच के लिए लैब भिजवा दिया है।
बरवाला थाना इंचार्ज ने बताया कि राजली गांव निवासी रोहित रविवार दोपहर करीब एक बजे खेत में जाने की बात कहकर घर से निकला था। सोमवार को परिजनों ने बरवाला थाना पुलिस में गुमशुदगी की सूचना दी। परिजनों ने बताया कि खेत के पास से नहर गुजरती है। ऐसे में उन्होंने अनहोनी की आशंका जताई। मोहित को तैरना भी नहीं आता है। सोमवार सुबह करीब 11 बजे गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम ने घिराय-राजली के मध्य बालसमंद सब ब्रांच नहर और राजली हेड पर राणा वितरक नहर में सर्च अभियान चलाया लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे पुलिस को डाबड़ा माइनर में एक शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। परिजनों ने रोहित की हत्या की आशंका जताते हुए चिकित्सकों के बोर्ड से पोस्टमार्टम की मांग की। इस पर शव को पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा रेफर कर दिया। पुलिस रोहित की कॉल डिटेल खंगालने में जुटी है।