हिसार। शहर के सेक्टर-14 की एक दुकान के बरामदे में रविवार दोपहर को युवती का शव मिला। शव के पास की एक सिरिंज भी मिली है। शहर थाना पुलिस ने शव की पहचान के लिए उसे नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही युवती के मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-14 में बस स्टैंड की दिशा में एक दुकान के बरामदे में एक युवती का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की। पूछताछ करने पर पता चला कि युवती सेक्टर-14 और नीलम सिनेमा के आस-पास देखी जाती थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर 72 घंटे के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया है।