हिसार। रोडवेज डिपो में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन ) के तहत नियुक्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सफाई कार्य से इनकार का विवाद अभी थमा नहीं है। शुक्रवार को वह रोडवेज डिपो पहुंचा लेकिन कार्यभार नहीं संभाला।
रोडवेज डिपो में दस चतुर्थ श्रेणी सफाई कर्मचारी लगे हैं। कई कर्मचारियों को नियमों को ताक पर रखकर चौकीदार व अन्य काम पर रख दिया गया। इनमें से एक अग्रोहा बस स्टैंड पर तैनात कर्मचारी कृष्ण ने तो रात्रि ड्यूटी पर अपनी जगह निजी व्यक्ति को रख लिया और उसे 200 रुपये दिहाड़ी दे रहा था। कृष्ण को शुक्रवार को रोडवेज डिपो बुलाया गया। वह पहुंचा लेकिन न तो कार्यभार संभाला और न ही सफाई का काम किया। उसके काम न करने पर संबंधित ड्यूटी इंचार्ज ने रिपोर्ट तैयार कर रोडवेज डिपो महाप्रबंधक व रोडवेज डिपो टीएम के पास भेजी है। सफाई कर्मी अरुण ने कहा कि जिस कर्मचारी की जो ड्यूटी है, उसे काम भी वही करना चाहिए या फिर अन्य कर्मचारियों को भी चौकीदार व अन्य काम पर रखा जाए। अधिकारियों से इस बारे में मुलाकात कर शिकायत सौंपी जाएगी।
जो कर्मचारी जिस पद पर लगा है। नियमानुसार उससे वही काम लिया जाएगा। ऐसा नहीं होने पर दूसरे कर्मचारी भी विरोध कर रहे हैं। उच्चाधिकारियों को इस मामले से अवगत करवा दिया है।
- रघुबीर सिंह, जेवरा, एसएस रोडवेज डिपो हिसार।