हिसार। काजला खाप का 12वां राष्ट्रीय सम्मेलन 9 मार्च को कुरुक्षेत्र की जाट धर्मशाला में होगा, जिसमें हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब व दिल्ली के काजला बंधु भाग लेंगे। यह निर्णय रविवार को शहर में आयोजित खाप की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन रामपाल सोलधा ने की। राष्ट्रीय संरक्षक धर्मवीर काजला ने बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
खाप के राष्ट्रीय प्रवक्ता महेंद्र सिंह काजला ने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय सम्मेलन का एजेंडा तैयार किया गया व सम्मेलन की सुव्यवस्था के लिए पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई। उन्होंने बताया कि एक अन्य प्रस्ताव पारित करते हुए निर्णय लिया गया कि अनुशासनहीनता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसा करने वालों को खाप से बाहर किया जाएगा।
-
खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों को दिया मृत्युदंड
बैठक में खाप पदाधिकारियों ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट व नशाखोरी के खिलाफ सरकार कोई सख्त कदम नहीं उठा रही है। खाप ने मांग की है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ा कानून बनाकर मृत्युदंड का प्रावधान किया जाए। एक अन्य प्रस्ताव में सरकार से मांग की गई कि हिंदू मैरिज एक्ट में संशोधन करके समगोत्र, समगांव व गोहांड में शादी करने को प्रतिबंधित किया जाए ताकि भाईचारा बना रहे व ऑनर किलिंग की कोई घटना न हों। बैठक में अध्यक्ष कैप्टन रामपाल, संरक्षक धर्मवीर काजला, राजमल काजल, मांगेराम काजला, मान सिंह, राजकुमार, विजय पाल, डॉ. मनोज काजल, अतर सिंह, सुभाष आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।