हांसी। भिवानी रोड पर करीब 22 करोड़ की लागत से बने नए 132 केवी पावर हाउस की टेस्टिंग शुरू हो गई है। बिजली आपूर्ति शुरू करने से पहले सभी उपकरणों और तकनीकी मानकों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार अगले 10 दिनों में इसे पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री द्वारा इसके उद्घाटन किए जाने की संभावना है।
हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड (एचवीपीएनएल) के अनुसार पावर हाउस में चार ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। शुरुआती चरण में दो ट्रांसफार्मर शुरू किए जाएंगे जबकि बाकी दो बाद में चालू होंगे। वर्तमान में तीन ट्रांसफार्मर लगाए जा चुके हैं। पावर हाउस को हिसार, भिवानी, मिरान और मसूदपुर से आने वाली 132 केवी की छह बिजली लाइनों से जोड़ा गया है। प्रारंभिक परीक्षण के लिए भिवानी और मसूदपुर से आने वाली लाइनों के माध्यम से दो ट्रांसफार्मरों को चालू कर जांच की जा रही है।
नए पावर हाउस में आधुनिक और कंप्यूटरीकृत उपकरण लगाए गए हैं जिससे इसकी क्षमता पुराने पावर हाउस की तुलना में 55 एमवीए अधिक हो जाएगी। इससे ओवरलोडिंग कम होगी और बिजली कटौती में राहत मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार नए उपकरणों के कारण ब्रेकडाउन और आग लगने की आशंका भी कम होगी। जमीन के स्तर से ऊंचाई पर बनाए जाने के कारण यहां जलभराव की समस्या भी नहीं होगी।
58 वर्ष पुराना है मौजूदा पावर हाउस : भिवानी रोड स्थित मौजूदा 132 केवी पावर हाउस करीब 58 वर्ष पुराना है। नए पावर हाउस के निर्माण की योजना छह वर्ष पहले बनाई गई थी। निर्माण कार्य 2018 में शुरू हुआ था लेकिन कोरोना काल और टेंडर संबंधी कारणों से बीच में रुक गया। बाद में एचवीपीएनएल ने दोबारा टेंडर जारी कर एक वर्ष पहले निर्माण कार्य फिर शुरू कराया।