हांसी। भाजपा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ.अर्चना गुप्ता ने दावा किया कि नीट पेपर लीक के विरोध में दिल्ली में जंतर- मंतर पर हुए प्रदर्शन में आतंकी भी शामिल थे। प्रदर्शन कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से प्रायोजित था और इसमें विदेशी ताकतों ने इनका साथ दिया। डॉ. गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में पार्टी की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में बोल रही थीं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा सत्ता और परिवार के इर्द-गिर्द घूमती रही है। जंतर-मंतर आंदोलन में अराजकता का माहौल रहा। इसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घायल हुए। युवाओं की जो भी मांगें थीं सरकार ने उन्हें स्वीकार किया, क्योंकि देश का युवा ही हमारा भविष्य है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर आधारित है। इस सिद्धांत को गांव-गांव, गली-गली और चौपाल तक पहुंचने का आह्वान किया। स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और कोचिंग संस्थानों में युवाओं से संवाद कर उन्हें कांग्रेस के इतिहास और भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से अवगत कराया जाए। गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं को तथ्यों के साथ इसका जवाब देना होगा।
परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक के लिए कड़ा कानून बनाया :
पेपर लीक के मुद्दे पर डॉ. गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार ने सार्वजनिक परीक्षाओं में अनियमितताओं पर रोक के लिए कड़ा कानून बनाया है। इसमें 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने और 10 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है। कांग्रेस शासन में पेपर लीक के कई मामले सामने आए लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके विपरीत हरियाणा सरकार ने बिना पर्ची-बिना खर्ची, योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर पौने दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार दिया है।