बैठक में मौजूद एसडीएम डॉ. वेद प्रकाश व स्वास्थ्य अधिकारी व कर्मचारी।
नारनौंद। निपुण हरियाणा मिशन के तहत राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारनौंद में प्राथमिक शिक्षकों के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण में नारनौंद ब्लॉक सहित अन्य जिलों से आए सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लिया और उन्हें नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षण तकनीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम दो चरणों में चार समूहों के लिए आयोजित किया गया था। इसमें शिक्षकों को हिंदी, गणित और अंग्रेजी विषयों को प्रभावशाली, सरल और रोचक तरीके से पढ़ाने के नए-नए तरीकों से अवगत कराया गया। समापन सत्र में खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र ने कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की नींव होते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण में जो कुछ सीखा गया है उसे कक्षा में अवश्य लागू करें, ताकि बच्चों की सीखने की रुचि बढ़े और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा का लक्ष्य प्राप्त हो सके। इस प्रशिक्षण को सफल बनाने में सभी बीआरपी, एबीआरसी और केआरपी की अहम भूमिका रही।