हिसार। जाट शिक्षण संस्थान से कार्यमुक्त एक्सटेंशन लेक्चरर व गैर शिक्षकों का प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को एसडीएम अश्वीर नैन ने बैठक की। एसडीएम इस मामले की जांच कमेटी के चेयरमैन हैं। एसडीएम ने दोनों पक्षों से बातचीत की। दोनों पक्षों ने एसडीएम के सामने अपना-अपना पक्ष रखा।
एडवोकेट योगेश सिहाग व एक्सटेंशन लेक्चरर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. नरेंद्र चहल ने एसडीएम को बताया कि न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करके कॉलेज प्राचार्य द्वारा एक्सटेंशन लेक्चरर को कार्यमुक्त किया है। उन्होंने एसडीएम को बताया कि न्यायालय के आदेश है कि जब तक सीआरएम जाट कॉलेज में नियमित लेक्चरर की भर्ती नहीं होती तब तक एक्सटेंशन लेक्चरर को रिलीव नहीं किया जा सकता। वहीं सीआरएम जाट कॉलेज से रिलीव किए गए नॉन टीचिंग के कर्मचारियों ने भी एसडीएम से मुलाकात कर अपना पक्ष सुनाया। शिक्षकों का पक्ष जानने के बाद एसडीएम ने प्राचार्य पक्ष को भी जाना। इसके बाद एसडीएम ने शिक्षकों से उनका पक्ष व उनकी मांग लिखित में मांगी। शिक्षकों ने अपना पूरा पक्ष व मांग लिखित में एसडीएम को सौंपी।
बैठक में एडवोकेट राकेश दुग्गल, एडवोकेट कुलदीप बेडवाल, एडवोकेट योगेश सिहाग व जाट कॉलेज एक्सटेंशन लेक्चरर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. नरेंद्र चहल सहित अन्य शिक्षक विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में सीआर लॉ कॉलेज, सीआरएम जाट कॉलेज, बीएड कॉलेज के प्रिंसिपल भी मौजूद रहे।
जाट शिक्षण संस्थानों से शिक्षकों को रिलीव किए जाने के मामले में दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया था। मैंने दोनों पक्षों से बातचीत की है। रिलीव किएशिक्षकों की मांग व उनका पक्ष लिखित में लिया गया है। इस मामले में कार्रवाई जारी है। - अश्वीर नैन, एसडीएम हिसार।