बालसमंद। एक तो बेरोजगारी दूजा सरकार के पोर्टल युवाओं के साथ मजाक कर रहे हैं। सरकार ने सीईटी के लिए पोर्टल बनाया है। आखिर अब हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा मांगे गए दोबारा आवेदनों में पोर्टल की कमियों के कारण एक फॉर्म में 4 से 5 घंटे लग रहे हैं। एक तरफ प्रदेश सरकार तेजी से भर्ती सिरे चढ़ाने के दावे कर रही है वही दूसरी तरफ मांगे गए आवेदनों में भी घंटों समय और बेरोजगार युवाओं को 300 से 600 रुपये तक इंटरनेट कैफे संचालकों को देने पड़ते है।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने हाईकोर्ट के आदेश पर तृतीय श्रेणी के पदों के लिए आयोजित सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) का संशोधित परिणाम जारी करने के बाद अब ग्रुप सी के कुल 21,755 पदों पर दोबारा से भर्ती निकाली है। इनमें चार ग्रुपों के कुल 15,755 पद हैं। इसमें ऑनलाइन आवेदन करने के लिए आवेदकों को इंटरनेट कैफ पर घंटो इंतजार करना पड़ रहा है। एक फॉर्म भरने में तीन से पांच घंटे तक लग रहे है। साइट बिजी होने पर यह समय अधिक लग जाता है। इस बार आवेदन में समय इसलिए अधिक लग रहा है कि अगर कोई ग्रेजुएट विद्यार्थी आवेदन करने जाता है तो उसके अलग अलग केटेगरी में 30 पोस्ट पर अप्लाई होना है तो हर पोस्ट पर दसवीं बारहवीं बीए सहित शिक्षा बार बार मांगी जा रही है और बार बार स्कैन डॉक्यूमेंट लगाने पड़ते है।
यह पहली बार हुआ है इससे पहले शिक्षा भरने के बाद उस क्वालिफिकेशन के हिसाब से पोस्ट सेलेक्ट अभ्यर्थी द्वारा की जाती थी। सुंडावास निवासी पूजा ने बताया कि उसने मास्टर डिग्री पास की हुई है, अलग-अलग श्रेणी में 55 पोस्ट अप्लाई की हैं जिसमे हर पोस्ट पर पढ़ाई के दस्तावेज बार-बार मांगे जाने पर फॉर्म भरने में चार घंटे लगे। इसी प्रकार सीसवाला निवासी सुनीता ने बताया कि ग्रेजुएट पर फॉर्म भरने में उसे करीब तीन घंटे का समय लगा। इंटरनेट कैफे पर बहुत भीड़ मिलती है। समय अधिक लग रहा है।
ग्रुप-1 के 981, ग्रुप-2 के 517, ग्रुप-56 के 7185 और ग्रुप-57 के 7072 पद शामिल हैं, जबकि पुलिस कांस्टेबल के छह हजार पद अलग से हैं। इनमें पुरुष कांस्टेबल के पांच हजार और महिला कांस्टेबल के एक हजार पद शामिल हैं। इस संबंध में आयोग ने दो अलग-अलग नोटिस जारी किए हैं। शनिवार से इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। आठ जुलाई की रात 12 बजे तक आवेदन किए जा सकेंगे। सीईटी पास युवा इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।