हांसी। जिले को नशामुक्त बनाने और नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए हांसी पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के दिशा-निर्देशों में नशा तस्करों की पहचान, धरपकड़ और संदिग्ध ठिकानों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
विज्ञापन
इसी कड़ी में थाना सदर हांसी के प्रभारी निरीक्षक सदानंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गांव सिसाय में विभिन्न संदिग्ध स्थानों पर सघन सर्च अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध ठिकानों की बारीकी से जांच की और नशे से जुड़ी अवैध गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के साथ युवाओं को नशे से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
उन्होंने लोगों से अपील की कि नशा बेचने वालों या नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।