हिसार में बैठक के दौरान लिंगानुपात को लेकर दिशानिर्देश देते हुए जिला उपायुक्त महेंद्रपाल।
हिसार। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि जिले में भ्रूण लिंग जांच पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग अल्ट्रासाउंड केंद्रों की नियमित जांच की जाए। साथ ही अवैध लिंग जांच की सूचना मिलते ही छापा मारकर कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित हो। वह वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित जिलास्तरीय मासिक पीएनडीटी, एनकोर्ड एवं चिह्नित अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उपायुक्त ने कहा कि कन्या भ्रूण हत्या रोकने और लिंगानुपात में सुधार के लिए निगरानी के साथ जनजागरूकता भी जरूरी है। अधिकारियों को अल्ट्रासाउंड केंद्रों के पंजीकरण, रिकॉर्ड रजिस्टर, मशीनों के उपयोग और निर्धारित दस्तावेजों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। बिना पंजीकरण संचालित केंद्रों पर भी विशेष नजर रखने के लिए कहा गया। अधिकारियों को चेताया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में अब तक जिले का लिंगानुपात 914 है और हिसार प्रदेश में पांचवें स्थान पर है। स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और छापेमारी के सकारात्मक परिणाम आजाद नगर, आर्य नगर और मंगाली में सामने आए हैं। यहां लिंगानुपात सुधरकर 999 पहुंच गया है।
बैठक में हिसार एसडीएम ज्योति मित्तल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत, जिला शिक्षा अधिकारी राम रत्तन और डॉ. अनामिका बिश्नोई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।