हिसार। शहर की 50 फुट गली में रहने वाले सुरेंद्र सिंह की हत्या बीड़ी न देने पर की गई थी। सीआईए टीम ने हत्या की वारदात को सुलझाते हुए तीन आरोपी कैंची चौक निवासी सूरज उर्फ धोलू, धक्का बस्ती निवासी मोहित और अजय उर्फ कालू को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को बुधवार अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर लिया गया।
पूछताछ में सामने आया कि 9 दिसंबर की रात सूरज ने शराब के नशे में न्यू जवाहर नगर के पास सुरेंद्र से बीड़ी मांगी थी। सुरेंद्र ने बीड़ी देने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर ईंटों से वार कर सुरेंद्र की हत्या कर दी थी। वहीं, एचटीएम पुलिस ने मृतक के पिता सेवानिवृत्त सिपाही रामनिवास के बयान पर सात नामजद के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि सुरेंद्र मिलगेट क्षेत्र में एक हेयर सैलून पर कमीशन पर काम करता था। सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे भाई सैलून पर गया था। दोपहर ढाई बजे घर पर खाना खाने के लिए आया था। थोड़ी देर बाद वापस सैलून पर चला गया और देर शाम तक घर नहीं लौटा तो उसे कॉल की, लेकिन मोबाइल बंद मिला। रात को उसकी तलाश भी की। मंगलवार सुबह सेक्टर 1-4 के सामने न्यू जवाहर नगर को जाने वाले रास्ते पर सुरेंद्र का शव मिला था। चेहरे पर ईंटों से वार कर किए गए थे। एचटीएम थाना पुलिस ने सात के खिलाफ केस दर्ज किया था। उक्त मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों सूरज, मोहित और अजय को गिरफ्तार किया है। सुरेंद्र का एक बेटा और एक बेटी है।