मंडी आदमपुर। सीआईए हिसार ने गत 23 मार्च को आदमपुर खंड के गांव खैरमपुर के खेतों में बनी ढाणी से 406 ग्राम अफीम की बरामदगी मामले में सप्लायर आरोपी राजस्थान के गांव झासल निवासी विनोद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी विनोद को बुधवार को अदालत में पेश किया जहां उसे 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि गांव खैरमपुर के खेत में बनी ढाणी में एक व्यक्ति नशीला पदार्थ बेचने का काम करता है। पुलिस टीम जब गांव खैरमपुर के खेत में बनी ढाणी में पहुंची तो एक व्यक्ति अपने हाथ में पॉलिथीन लिए हुए ढाणी से निकल रहा था। पुलिस को नजदीक आता देख वह वहां से खिसकने की कोशिश करने लगा। उसकी पहचान गांव खैरमपुर निवासी रामकुमार के रूप में हुई। पुलिस ने उसकी तलाशी तो उसके पास से 406 ग्राम अफीम बरामद हुई। आदमपुर पुलिस ने रामकुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे हिसार अदालत में पेश किया पुलिस की मांग पर उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया था। पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया कि आरोपी विनोद ने रामकुमार को 500 ग्राम अफीम 70 हजार रुपये में बेची थी। इसमें से 406 ग्राम अफीम पुलिस ने रामकुमार से बरामद की। बरामद अफीम विनोद राजस्थान से लाया था।