हिसार। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा की पूरक परीक्षाएं वीरवार से शुरू होकर 18 जुलाई तक आयोजित की जाएंगी। इसके लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षाएं प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होंगी। बोर्ड की ओर से सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले में परीक्षाओं के लिए कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पीजीएसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सीएवी स्कूल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पटेल नगर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन और गुरु जम्भेश्वर सीनियर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं। नकल रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी और बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं का पालन किया जाएगा।
अधिकारियों ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वह परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। प्रवेश पत्र के साथ वैध पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक सामग्री परीक्षा केंद्र में न लाएं। सभी परीक्षाएं 18 जुलाई तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएंगी।