हिसार। केंद्रीय कारागार एक में बंद अपने भाई से मिलने आए रोहतक जिला के समैण गांव वासी दीपक के पास से बरामद सैंडल से 28 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ है। इस संबंध में जेल डीएसपी कुलदीप शर्मा ने पीएलए पुलिस चौकी में शिकायत दी। पुलिस ने दीपक को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
केंद्रीय कारागार एक के डीएसपी कुलदीप शर्मा ने शिकायत में बताया कि मंगलवार को रोहतक जिला के समैण गांव निवासी दीपक अपने भाई मनोज से मिलने के लिए जेल आया था। इसके पास एक सैंडल का जोड़ा था। जेल में बंद बंदियों से मिलने से पहले उनसे मिलने आने वालों की चेकिंग की जाती है। जब वार्डर रविंद्र जांच कर रहा था तो उसको दीपक पर शक हुआ। जब सामान की जांच की तो सैंडल मिली। जब सैंडल की तली उखाड़ कर देखी तो उसमें 28 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ था।